गुना । रंगों के त्यौहार होली पर इस बार कंडों की होलिका दहन करेंगे। इससे परंपरा का निर्वहन तो होगा ही, पेड़ों को बचाकर पर्यावरण को भी संरक्षति कर सकेंगे। यह संकल्प शहर की विश्वकर्मा कॉलोनी के रहवासियों ने नवदुनिया के 'आओ जलाएं कंडों की होली' अभियान से जुड़ते हुए लिया। साथ ही कहा कि दूसरों को भी कंडों की होली जलाने प्रेरित करेंगे।
दरअसल, होली के त्यौहार पर जिलेभर में सैकड़ों होलिका दहन किया जाता है। जिसमें कई टन लकड़ी जल जाती है। लेकिन हमें विचार करना होगा कि इस दौरान कितने पेड़ कट जाते होंगे। इससे न केवल पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, बल्कि तमाम प्राकृतिक समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरत पेड़ों को बचाने की है, ताकि पर्यावरण को भी सुरक्षति रखा जा सके। इसी उद्देश्य से नवदुनिया ने अभियान चलाया है, जिसमें लोगों से होली पर कंडों की होली जलाने की अपील की गई है। ताकि परंपरा का निर्वहन भी हो जाए और पेड़ों को भी कटने से बचाया जा सके। इसी क्रम में शुक्रवार को विश्वकर्मा कॉलोनी के रहवासियों ने नवदुनिया के कंडों की होली जलाएं अभियान का समर्थन करते हुए होली के लिए गाढ़े गए डांडा के सामने संकल्प लिया कि इस होली कंडों की होलिका दहन करेंगे। रहवासियों ने कहा कि वर्तमान में पेड़ों को बचाने की सख्त जरूरत है अन्यथा आने वाली पीढ़ी को संकट का सामना करना पड़ेगा। इसलिए जरूरत है कि हम तो कंडों की होली जलाएं, दूसरों को भी प्रेरित करें।