ग्वालियर। होलिका दहन में कंडों का प्रयोग ही हो, इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। शहर के प्रत्येक छोटे बड़े मोहल्ले, कॉलोनी, टाउनशिप आदि में कंडों की होली जले। इसके लिए न साथ हम सभी मिलकर अभियान चलाएंगे। साथ ही सभी जगह व्यक्तिगत व सोशल मीडिया के माध्यम से कंडों की होली जलाने का संदेश पहुंचाकर सभी लोगों को जागरूक करेंगे। यह बात आओ जलाएं कंडों की होली पर आयोजित परिचर्चा में समाजजनों ने कही।
साथ ही हम भी कंडों की होली जलाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। थाटीपुर स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल पर हम आमजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें प्रेरित कर रहे हैं।
नूतन श्रीवास्तव
संस्थापक स्वामी विवेकानंद सेवा समिति
गाय के गोबर से बने कंडों को जलाने से पर्यावरण का प्रदूषण कम होगा। साथ ही पेड़ भी बचेंगे जो प्रकृति के लिए बहुत जरूरी हैं। गोशालाओं में पर्याप्त मात्रा में कंडे उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए हमें भी गांवों से कंडे लाकर शहर में सप्लाई करना चाहिए।
निमिश पाराशर
गोसेवक
वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान ने पिछले वर्ष कंडों की आपूर्ति के लिए स्थान उपलब्ध कराकर स्टॉल लगाए थे। हम इस वर्ष भी यह स्टॉल लगा सकते हैं। हम उन्हें बेहद कम कीमत पर कंडे उपलब्ध करा सकते हैं।
हाजी यासीन मंसूरी
वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान
विद्यालयों में पर्यावरण को बचाने की शिक्षा दे रहे हैं। हमने सभी बच्चों को कंडों की होली जलाने की बात भी बताई और उसके फायदे भी समझाएं हैं। अब बच्चे गाय के गोबर को उठाकर ले जाते हैं और उससे घरों पर कंडे तैयार हो रहे हैं।
ऋृतु भार्गव
शिक्षिका व समाजसेविका
मुरार क्षेत्र में हम आमजनों को समझाते हैं कि कंडों की होली जलाने से किस प्रकार पर्यावरण को फायदा होता है। साथ ही लोगों से अपील भी कर रहे हैं कि वह कंडों की होली ही जलाएं।
गौरव जैन
निवासी मुरार
प्रकृति से खिलवाड़ का नतीजा चीन के साथ इसका असर पूरी दुनिया पर दिख रहा है। हमें गाय और वृक्ष का संरक्षण करना पड़ेगा। हम शहर में कंडों की होली जलाने के लिए जागरण कराते हैं। पिछले वर्ष भी अभियान चलाया था इस वर्ष भी चलाएंगे।
हरिदास अग्रवाल
अध्यक्ष अच्लेश्वर न्यास
गाय दया की पात्र नहीं है, उसकी हर चीज हमारे लिए उपयोगी है। वह हमें हमेशा ही देती है और बदले में हमसे कुछ नहीं मांगती है। सराफा बाजार में कंडों से होली जलाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही गाय के अन्य पदार्थो का भी उपयोग कर विभिन्न वस्तुएं तैयार कर रहे हैं।
बृजेश नागर
हवेली श्रीनाथ जी की सराफा बाजार
मुरार में हम कंडे उपलब्ध कराने में पूरी मदद करेंगे। साथ ही छोटे-छोटे मोहल्लों तक इस अभियान को पहुंचाने की आवश्यकता है।
कमल किशोर अग्रवाल
वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान मुरार
गोकाष्ठ पर्याप्त मात्रा में मिल नहीं पाता है। साथ ही लोगों को पता नहीं होता है कि किस जगह से हमें गोकाष्ठ मिल सकता है। इसलिए शहर में विभिन्न स्थानों पर हमें स्टॉल लगाने होंगे।
जयवीर भारद्वाज
हिंदू महासभा
ग्रामीण क्षेत्रों में कंडे आसानी से मिल सकते हैं। लेकिन ग्रामीणों के पास समस्या है कि वह कंडे कहां पर बेचे इसलिए हमें उन्हें जगह उपलब्ध करानी होगी। इससे शहर में आसानी से कंडे होलिका दहन के लिए मिल सकें।
मथुरा रावत
शिक्षिका व समाजसेविका
अचलेश्वर न्यास के साथ ही हम सोशल मीडिया पर भी कंडों की होली जलाने का अभियान चलाकर लोगों को पे्ररित कर रहे हैं।
सोनू वाजपेयी
सचिव अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास
मुरार क्षेत्र में कंडों से होली जलाने का जनजागरण बहुत अच्छा चल रहा है। लेकिन पॉश कालोनियों में अभी कमी हैं। हम मुरारवासी वहां पर पहुंचकर आमजनों से अपील करेंगे कि वह होलिका दहन में लकड़ी का उपयोग नहीं करें।
पंकज पाठक
ब्राह्मण महासभा मुरार
शहर में आसानी से गोकाष्ठ लोगों को उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। इसलिए हमें लोगों तक गोकाष्ठ पहुंचाने के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाने होंगे।
रमेश कुशवाह
गोकाष्ठ उत्पादक
कंडे सरलता से और निम्न रेट पर उपलब्ध हो जाएं तो आमजन कंडों की होली ही जलाएगा। इसलिए पर्याप्त मात्रा में कंडों की उपलब्धता होनी चाहिए।
मनीष महाराज
अण्णा महाराज मठ
दाल बाजार में आमजनों को कंडे उपलब्ध कराने का हम बालाजीधाम की ओर से प्रयास करेंगे। साथ ही पूरे क्षेत्र में जनजागरण भी चलाएंगे।
गौरव महाराज
बालाजीधाम दालबाजार
केशर अपार्टमेंट, डीबी सिटी, व सागर पैराडाइज में गोग्रास प्रतिदिन निकलता है। इसलिए इन तीनों स्थानों पर गोशाला के द्वारा निशुल्क कंडे उपलब्ध कराएं जाएंगे।
ऋृषि महाराज
लालटिपारा गोशाला
शहरवासियों को गोकाष्ठों की जरूरत हो तो वह लालटिपारा गोशाला से ले सकते हैं। इसलिए शहरवासी 9827391502 पर संपर्क कर सकते हैं। अगर आमजन पर वाहन की सुविधा है तो ठीक नहीं तो हम चिन्हित स्थान तक पहुंचाने के लिए वाहन भी उपलब्ध करा सकते हैं।
ममता कुशवाह
गोकाष्ठ उत्पादक
लालटिपारा गोशाला
ग्रामीण क्षेत्रों से कंडों को शहर में लाने का प्रयास करूंगा साथ ही तय स्थान पर इन कंडों को पहुंचा दिया जाएगा। इससे शहरवासियों को होलिका दहन के लिए कंडे उपलब्ध हो सकें।
शिवकुमार शर्मा
लालटिपारा गोशाला