रेपिड टीम ने 14 ट्रांसफॉर्मर की काटी बिजली, 95 हजार रुपये वसूले

पिछोर। बिजली के बकाया राशि उपभोक्ता तथा अवैध से बिजली का उपयोग करने वाले लोगों के लिए विद्युत विभाग की रेपिड टीम द्वारा महाप्रबंधक आरकेएस राठौर के निर्देशन एवं डबरा के उपमहाप्रबंधक जीएस लांबा के नेतृत्व में पिछोर क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन गांवों में कार्रवाई की गई। टीम ने बिजली के बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के ट्रांसफॉर्मर के कनेक्शन काटकर सप्लाई बंद की। इसके साथ ही डायरेक्ट मोटर पंप चलाने वाले लोगों को टेंपरेरी कनेक्शन की रसीद एवं बकाया बिल जमा कराने की चेतावनी दी। वहीं अवैध कनेक्शन कर बिजली जला रहे लोगों के कनेक्शन काटकर 95 हजार रुपये की वसूली की गई।


गौरतलब है कि बिजली वितरण कंपनी की रेपिड टीम द्वारा पिछोर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धई, करही, वीरमढ़ाना, गिजोर्रा, भगेह, लखनौती तथा मेहगांव में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्राम वीरमढ़ाना में 4 उपभोक्ताओं से 65 हजार रुपए वसूल कर समस्या का मौके पर निराकरण किया। इसके अलावा ग्राम करही में 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर पर 10 उपभोक्ताओं पर 5 लाख 10 हजार रुपए, ग्राम धई में 67 केवीए ट्रांसफॉर्मर पर 7 उपभोक्ताओं पर 3 लाख 87 हजार रुपये तथा गुरुद्वारा वाले 100 केवीए के ट्रांसफॉर्मर अंतर्गत 16 उपभोक्ताओं पर 4 लाख 40 हजार रुपये का बकाया होने पर ट्रासंफॉर्मर के तार निकलवाकर बिजली सप्लाई बंद की गई। वहीं ग्राम मेहगांव में 3 ट्रांसफॉर्मर पर 4 लाख रुपये तथा ग्राम गिजोर्रा में लगे 8 ट्रांसफॉर्मरों पर 13 लाख रुपये की बकाया राशि जमा नहीं कराने के कारण कनेक्शन काट दिए गए।


 

बिना बकाया जमा कराए जोड़ा कनेक्शन तो होगी कार्रवाई


कनेक्शन काटने के साथ उपभोक्ताओं को हिदायत दी गई कि बिना बकाया राशि जमा कराए दोबारा कनेक्शन जोड़े गए तो प्रकरण न्यायालय में दर्ज करा दिया जाएगा। इसके साथ ही अवैध रूप से चल रहे 14 कनेक्शनों को हटाकर उपभोक्ताओं से 30 हजार रुपये की वसूली की गई। उक्त कार्रवाई के दौरान ग्वालियर वृत्त के विधि प्रभारी दिलीप मेघानी, लेखा अधिकारी केएन यादव, सुधीर चाकनकर, संजय ग्वाल्हेरकर, उदय वाचासुंदर, रविशंकर प्रजापति, पिछोर वितरण केन्द्र के सहायक प्रबंधक मोहम्मद मंसूर, रणवीर सिंह राणा, दौलत सिंह परिहार, ज्वाला सिंह जाट, इमरान खान, होतम, अरविंद रजक, सलमान खान, चंद्रशेखर कुशवाह, मिहीलाल प्रजापति, मेहरबान सिंह आदि मौजूद रहे।


 

इनका कहना है


कंपनी के निर्देशानुसार इस तरह की कार्रवाई प्रत्येक गांव में निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई से बचने के लिए उपभोक्ता अस्थायी पंप कनेक्शन लेकर तथा बकाया राशि जमा करने के पश्चात ही बिजली का उपयोग करें।


-जीएस लांबा, उप महाप्रबंधक, विद्युत वितरण केन्द्र, डबरा।